Chandauli News: चेकडैम बना किसानों के लिए मुसीबत, हल्की बारिश में सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न.
“लेहरा ड्रेन पर बने चेकडैम के कारण रविवार की हल्की बारिश में ही बेन और सीहर के सैकड़ों एकड़ खेतों में पानी भर गया। किसानों ने चेकडैम की ऊंचाई कम कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना देंगे।”
chandauli
8:44 PM, Jul 19, 2026
Share:


जल भराव मे डूबे सैंकड़ो एकड़ खेत
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। जल संरक्षण के उद्देश्य से लेहरा ड्रेन पर बनाया गया चेकडैम अब किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। रविवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद बेन और सीहर के सिवान के सैकड़ों एकड़ खेत जलमग्न हो गए, जिससे धान की जुताई और रोपाई का कार्य प्रभावित हो गया। कई किसानों की पहले से रोपी गई धान की फसल भी पानी में डूब गई, जिससे किसानों में आक्रोश व्याप्त है।
किसानों का आरोप है कि लघु सिंचाई विभाग वाराणसी ने कतकौलिया मौजा स्थित लेहरा ड्रेन पर बिना भौगोलिक स्थिति का समुचित आकलन किए चेकडैम का निर्माण कराया। चेकडैम के ऊंचे फाल के कारण बारिश का पानी खेतों से निकल नहीं पा रहा है और जलभराव की स्थिति बन रही है। किसान विकास मंच का कहना है कि कुछ दिन पहले बिशनपुरवां में हुई बैठक में भी इस समस्या को उठाते हुए फाल की ऊंचाई कम करने की मांग की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया।
विज्ञापन
किसानों ने बताया कि सहायक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग को लिखित शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। किसान नेता नरेंद्र मौर्य, प्रेम गिरी, रामअवध सिंह, शिवपूजन विश्वकर्मा, अंगद पाल, सत्येंद्र सिंह और मोनू यादव ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चेकडैम के फाल की ऊंचाई कम नहीं की गई तो बड़ी संख्या में किसान जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
