Chandauli News: चाइनीज मांझे से कटी बच्चे की गर्दन, मफलर ने बचाई जान.
"लोगों ने चाइनीज मांझे के खुलेआम इस्तेमाल पर नाराजगी जताई और प्रशासन से इसकी बिक्री व उपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले भी चाइनीज मांझे से कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।"
chandauli
4:49 PM, Jan 15, 2026
Share:


चाइनीस मांझे से घायल बच्चा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर ब्लॉक क्षेत्र में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 11 वर्षीय बच्चे की गर्दन गंभीर रूप से कट गई। बुधवार शाम खड़ान मोड़ के पास साइकिल से जा रहे विष्णु रस्तोगी अचानक हवा में उड़ते चाइनीज मांझे में फंस गया। मांझा गले में लिपटते ही उसकी गर्दन 4 से 5 इंच तक कट गई। गनीमत रही कि बच्चे ने गले में मफलर लपेट रखा था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
धानापुर निवासी मनोज रस्तोगी का पुत्र विष्णु शाम के समय घर से बाजार कुछ जरूरी सामान लेने जा रहा था। जैसे ही वह खड़ान मोड़ के पास पहुंचा, अचानक पतंग का मांझा उसके गले में फंस गया। मांझे की धार से बच्चे की गर्दन कट गई और कपड़े खून से लथपथ हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी।
विज्ञापन
घायल बच्चे को आनन-फानन में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घाव पर तीन टांके लगाए। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की गर्दन में करीब एक इंच गहरा और तीन इंच लंबा घाव था। समय रहते टांके लगने से अत्यधिक रक्तस्राव पर काबू पा लिया गया। फिलहाल विष्णु की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
विष्णु के पिता मनोज रस्तोगी ने बताया कि अगर बेटे के गले में मफलर न होता तो हादसा जानलेवा हो सकता था। मफलर के कारण चोट की गंभीरता कुछ हद तक कम हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने चाइनीज मांझे के खुलेआम इस्तेमाल पर नाराजगी जताई और प्रशासन से इसकी बिक्री व उपयोग पर सख्त कार्रवाई की मांग की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पहले भी चाइनीज मांझे से कई हादसे हो चुके हैं, बावजूद इसके प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।



