Chandauli News: सपा महिला सभा की नगर अध्यक्ष आरती यादव ने दिया इस्तीफा, जिला नेतृत्व पर वर्षों से उपेक्षा का आरोप.
“सपा महिला सभा की नगर अध्यक्ष आरती यादव ने पद से इस्तीफा देकर पार्टी के जिला नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि बैठकों और कार्यक्रमों में वर्षों से लगातार नजरअंदाज किए जाने के कारण नगर अध्यक्ष का पद केवल नाम तक सीमित रह गया था। 2027 के चुनाव से पहले महिला कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को उन्होंने संगठन के लिए नुकसानदेह बताया है।”
chandauli
9:33 AM, Aug 12, 2026
Share:


तस्वीर में सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ आरती यादव
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story by : संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली। समाजवादी पार्टी महिला सभा की पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर अध्यक्ष आरती यादव ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव और विधानसभा अध्यक्ष पर वर्षों से बैठकों, मीटिंगों और पार्टी कार्यक्रमों में उन्हें नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए संगठन में महिलाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
आरती यादव ने अपने इस्तीफे में कहा कि समाजवादी पार्टी उनके लिए केवल एक संगठन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी रही है। वंचित जनता के बीच काम करना उनका संकल्प रहा है, लेकिन जब-जब पार्टी की बैठकें, मीटिंग या कार्यक्रम हुए, तब जिला अध्यक्ष, जिला महासचिव और विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जाता रहा। उन्होंने कहा कि जब किसी पदाधिकारी की उपस्थिति को ही जरूरी न समझा जाए तो वह पद केवल नाम का रह जाता है।उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए पार्टी नेतृत्व को भी संदेश दिया है। आरती यादव ने कहा कि जब चुनाव सामने है तो कार्यकर्ताओं, विशेषकर महिलाओं को नजरअंदाज करके पार्टी चुनावी जीत की उम्मीद कैसे कर सकती है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं और उनकी उपेक्षा से संगठन कमजोर पड़ता है, जिसका सीधा नुकसान पार्टी को हो सकता है। आरती यादव ने स्पष्ट किया कि पद से इस्तीफा देने के बावजूद वह समाजवादी पार्टी से अलग नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे भी साधारण कार्यकर्ता के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की समाजवादी विचारधारा पर चलती रहेंगी। उन्होंने अपने इस्तीफे में कहा कि पद से ज्यादा जरूरी पार्टी की इज्जत और जनता का विश्वास है।
आरती यादव नगर पालिका परिषद पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर-21, सुभाष नगर की सदस्य भी हैं। उनके इस्तीफे के बाद पार्टी के स्थानीय संगठन में कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।
