Chandauli News: राजकीय महिला महाविद्यालय में दीक्षारंभ समारोह शुरू, नई छात्राओं का तिलक और पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत.
“उच्च शिक्षा की नई शुरुआत को यादगार बनाने के लिए राजकीय महिला महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं का पारंपरिक स्वागत किया गया। पांच दिवसीय दीक्षारंभ समारोह के पहले दिन छात्राओं को कॉलेज जीवन, नई शिक्षा नीति और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।”
chandauli
2:30 PM, Jul 28, 2026
Share:


दीक्षांत समारोह के शुभारंभ पर कार्यक्रम में शामिल होते अतिथि
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा नगर पंचायत के लोहियानगर स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में सोमवार से नवप्रवेशित छात्राओं के लिए पांच दिवसीय दीक्षारंभ (इंडक्शन) समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नई शिक्षा नीति और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद वरिष्ठ छात्राओं ने नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया, जिससे महाविद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भर उठा। प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में बिताए जाने वाले अगले तीन वर्ष उनके व्यक्तित्व और भविष्य को नई दिशा देंगे। उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद, सामाजिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
विज्ञापन
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रवि प्रकाश ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत लागू पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। वहीं डॉ. अवनीश कुमार सिंह ने पर्यावरण संरक्षण, परिसर स्वच्छता, खेल गतिविधियों, स्मार्ट क्लास, डिजी शक्ति योजना तथा स्मार्टफोन-टैबलेट वितरण जैसी योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सर्वेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राओं ने समारोह में भाग लेकर महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
