Chandauli News: लाखों से बने सामुदायिक शौचालय बंद, राहगीर और परीक्षार्थी परेशान.
"इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज सिन्हा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और शौचालयों के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाएगा।"
chandauli
8:17 PM, Apr 18, 2026
Share:


टिमिलपुर में बंद पड़ा सामुदायिक शौचालय पर लगा ताला
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा विकास खंड में ग्राम पंचायतों में लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए सामुदायिक शौचालय शोपीस बनकर रह गए हैं। टिमिलपुर सहित कई स्थानों पर शौचालयों पर ताला लटका हुआ है, जिससे राहगीरों, ग्रामीणों और खासकर प्रतियोगी परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सकलडीहा तहसील मुख्यालय होने के बावजूद स्थिति चिंताजनक है। यहां ब्लॉक कार्यालय, पीजी कॉलेज, डायट, बिजली विभाग, बैंक और कई शैक्षणिक संस्थान संचालित होते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान दूर-दराज से हजारों छात्र-छात्राएं यहां पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। करीब 50 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में नागेपुर, टिमिलपुर और सकलडीहा में बने शौचालयों में से नागेपुर को छोड़ अधिकांश समय अन्य शौचालय बंद रहते हैं।
विज्ञापन
स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक लोगों ने इस पर नाराजगी जताई है। व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से शौचालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि विशेषकर महिलाओं और बाहर से आने वाले लोगों को इससे सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।
