Chandauli News: पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी मांगने पर सिपाही निलंबित, चंदौली पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण.
“पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी मांगने वाले सिपाही के निलंबन की खबर सामने आने के बाद चंदौली पुलिस ने स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सिपाही को छुट्टी मांगने पर नहीं, बल्कि विवाद और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है।”
chandauli
9:10 PM, Oct 1, 2026
Share:


निलंबित सिपाही चंदन सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र की भदाहू चौकी पर तैनात सिपाही चंदन सिंह के निलंबन को लेकर सामने आई खबर के बाद चंदौली पुलिस मीडिया सेल ने स्पष्टीकरण जारी किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सिपाही को पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी मांगने के कारण निलंबित नहीं किया गया, बल्कि विवाद और अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई की गई है।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार जिले में सभी पुलिसकर्मियों को आवश्यकतानुसार अवकाश दिया जाता है और किसी का भी अवकाश अनावश्यक रूप से नहीं रोका जाता। आपात स्थिति में फोन पर अनुमति लेकर भी अवकाश दिया जाता है, ताकि पुलिसकर्मियों को आवेदन लेकर परेशान न होना पड़े। स्पष्टीकरण में बताया गया कि जिस चौकी पर सिपाही तैनात है, वहां पहले से तीन पुलिसकर्मी अवकाश अथवा स्थानांतरण पर हैं। ऐसी स्थिति में सिपाही को छुट्टी रोकने के संबंध में बताया गया था। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने अभद्र व्यवहार किया और विवाद किया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक अगस्त माह में भी सिपाही को उसकी मांग के अनुसार 13 दिन का अवकाश दिया गया था। यदि इस बार पत्नी के इलाज के लिए अवकाश अत्यंत आवश्यक था तो उसे क्षेत्राधिकारी स्तर पर वार्ता कर अनुमति लेनी चाहिए थी। पुलिस का कहना है कि सिपाही ने इसके बजाय विवाद किया, जिसके चलते अनुशासनहीनता की कार्रवाई की गई। चंदौली पुलिस ने अपने स्पष्टीकरण में कहा है कि अवकाश मांगने पर सिपाही को निलंबित किए जाने की बात पूरी तरह असत्य है। पुलिस के अनुसार निलंबन की कार्रवाई विवाद और अनुशासनहीनता के कारण की गई है। कार्रवाई के बाद सिपाही को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।


