Chandauli News: धानापुर में बढ़ती चोरियों पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने जताई नाराजगी, बोले- जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन.
“धानापुर के बिरना गांव में बंद मकान से 1.60 लाख रुपये नकद और लाखों के जेवर चोरी होने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द गिरफ्तारी की मांग की।”
chandauli
9:20 PM, Oct 1, 2026
Share:


बिरना गांव में चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार से जानकारी लेते पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के बिरना गांव में बंद मकान से लाखों के जेवर और एक लाख 60 हजार रुपये नकद चोरी होने के मामले में सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार को वह पीड़ित भानु मौर्य के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। उन्होंने चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए गिरफ्तारी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात भानु मौर्य के नए मकान में चोरी हुई। परिवार रात में पुराने घर में सोने चला गया था। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। गुरुवार सुबह परिजन नए घर पहुंचे तो कमरे का सामान बिखरा मिला। जांच करने पर 1 लाख 60 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण गायब मिले। चोरी की पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में संदिग्ध चोर असलहा लिए हुए नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि धानापुर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस चोरों पर प्रभावी कार्रवाई करने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि चोरों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए, अन्यथा बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
विज्ञापन
धानापुर क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। कुछ दिन पहले ब्लॉक मुख्यालय के पास हनुमान मंदिर से करीब 500 ग्राम चांदी का मुकुट चोरी हुआ था। वहीं नरौली काली मंदिर से करीब 20 किलो का घंटा और चांदी की आंखें चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो क्षेत्र में चोरी की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। लोगों ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।


