Chandauli News: क्रिकेट मैच में बॉलिंग को लेकर विवाद, युवक पर बैट-स्टंप से हमला, मुकदमा दर्ज.
"मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान युवकों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घायल पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।"
chandauli
6:35 PM, Jun 3, 2026
Share:


घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाते परिजन
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, (चंदौली).
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपुर इलाके में क्रिकेट मैच के दौरान बॉलिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि करीब 20 युवकों के समूह ने 25 वर्षीय बहादुर चौहान पर बैट और स्टंप से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दुल्हीपुर-महावलपुर निवासी बहादुर चौहान स्थानीय मैदान में क्रिकेट मैच खेल रहा था। इसी दौरान बॉलिंग को लेकर खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बाबर कुरैशी, दरोगा कुरैशी, अकसर कुरैशी और पप्पन कुरैशी समेत कई लोगों ने बहादुर चौहान को घेर लिया और बैट व स्टंप से हमला कर दिया। हमले में बहादुर चौहान के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल राजकीय महिला चिकित्सालय मुगलसराय लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला चिकित्सालय चंदौली रेफर कर दिया गया। राजकीय महिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि घायल युवक के सिर पर गहरी चोट थी, जिसके चलते टांके लगाए गए। बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
विज्ञापन
मामले में मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि क्रिकेट खेलने के दौरान युवकों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घायल पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस आरोपों की सत्यता और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
