मुख्य खबरें/न्यूज़/chandauli news convocation parade of 569 bihar police personnel completed at crpf group centre

Chandauli News: सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में बिहार पुलिस के 569 जवानों दीक्षांत परेड सम्पन्न.

"महानिरीक्षक मध्य क्षेत्र लखनऊ अनिल कुमार ने प्रशिक्षुओं के अनुशासन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मी जनता और शासन के बीच विश्वास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उन्हें संवेदनशीलता, साहस और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए।"

chandauli

9:07 PM, May 18, 2026

Share:

Chandauli News: सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर में बिहार पुलिस के 569 जवानों दीक्षांत परेड सम्पन्न.
logo

दीक्षांत परेड समारोह में परेड करते बिहार पुलिस के जवान

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).

चंदौली। चकिया स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर परिसर सोमवार को गौरव, अनुशासन और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जब बिहार पुलिस के 569 प्रशिक्षु नव आरक्षियों की दीक्षांत परेड एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद नव आरक्षियों ने राष्ट्र और समाज की सेवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करने की शपथ ली।

Img

परेड मैदान में आयोजित समारोह के दौरान प्रशिक्षु जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपनी अनुशासन क्षमता और प्रशिक्षण दक्षता का प्रदर्शन किया। कदम से कदम मिलाकर निकली परेड ने उपस्थित अधिकारियों और परिजनों का मन मोह लिया। पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक मध्य क्षेत्र लखनऊ अनिल कुमार ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने प्रशिक्षुओं के अनुशासन और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी जनता और शासन के बीच विश्वास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उन्हें संवेदनशीलता, साहस और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि बिहार में प्रशिक्षण केंद्रों की कमी को देखते हुए बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के जवानों का प्रशिक्षण सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर चंदौली में कराया गया। सीआरपीएफ के उच्चस्तरीय प्रशिक्षण कौशल का लाभ इन जवानों को मिला है, जिससे वे भविष्य में बिहार पुलिस की कार्यक्षमता और कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस उपमहानिरीक्षक ग्रुप सेंटर चंदौली राकेश कुमार सिंह की देखरेख में संचालित किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान जवानों को आधुनिक पुलिसिंग, ड्रिल, शूटिंग, शारीरिक दक्षता, आपदा प्रबंधन और कानून व्यवस्था नियंत्रण सहित विभिन्न इंडोर और आउटडोर गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।

Img

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु जवानों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शूटिंग, ड्रिल और शारीरिक प्रशिक्षण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों का साथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में कमांडेंट ग्रुप सेंटर चंदौली प्रद्युम्न कुमार सिंह ने अतिथियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से प्रशिक्षित जवान भविष्य में पुलिस सेवा की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक सीआरपीएफ रेंज चंदौली संजय कुमार , बिहार पुलिस के पुलिस उपमहानिरीक्षक रमन चौधरी , उप महानिरीक्षक (चिकित्सा) अब्दुल नज़र सहित सीआरपीएफ और बिहार पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में जवानों के परिजन और आमंत्रित अतिथियों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.