Chandauli News: ₹25 हजार का इनामी गो-तस्कर गिरफ्तार, 59 लाख के संदिग्ध लेन-देन और 187 करोड़ के नेटवर्क का खुलासा.
“सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में ₹25 हजार के इनामी वांछित गो-तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और पिकअप वाहन बरामद हुआ है। जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन वाले संगठित गो-तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।”
chandauli
8:51 PM, Aug 5, 2026
Share:


सैयदराजा पुलिस कि गिरफ्त में इनामी गोवंश तस्कर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹25 हजार के इनामी वांछित गो-तस्कर गुलाम मोहम्मद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से गो-तस्करी के मामलों में वांछित था और उसके खिलाफ विभिन्न जनपदों में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद सैयदराजा क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी पिकअप वाहन लेकर निर्माणाधीन भारतमाला एक्सप्रेसवे की ओर भागने लगा, लेकिन कर्मनाशा पुल के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुआ।जांच में सामने आया कि आरोपी 31 सदस्यों वाले अंतरराज्यीय संगठित गो-तस्करी गिरोह से जुड़ा है। विवेचना के दौरान गिरोह के बैंक खातों का विश्लेषण करने पर करीब 187 करोड़ रुपये के आपसी वित्तीय लेन-देन का पता चला। वहीं गिरफ्तार आरोपी द्वारा अपनी मां के बैंक खाते के माध्यम से बीते एक वर्ष में करीब 59.82 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन किए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली है।
विज्ञापन
पुलिस का दावा है कि यह धनराशि गो-तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता पहुंचाने में इस्तेमाल की गई।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले वाहन चालक था, बाद में विभिन्न गो-तस्करों के संपर्क में आकर इस अवैध कारोबार से जुड़ गया। पुलिस कार्रवाई तेज होने पर वह अलग-अलग पिकअप वाहनों का इस्तेमाल कर गो-तस्करी करता रहा। आरोपी ने यह भी बताया कि बैंक खातों की निगरानी शुरू होने के बाद उसने नकद लेन-देन शुरू कर दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और आर्थिक नेटवर्क की जांच आगे बढ़ा रही है।
