Chandauli News: पुलिस मुठभेड़ में ₹25 हजार इनामी बदमाश गिरफ्तार, साथी भी दबोचा गया.
“चंदौली के चकिया क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में ₹25 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर गोवध और अन्य गंभीर मामलों में कार्रवाई चल रही थी।”
chandauli
11:21 PM, Aug 3, 2026
Share:


पुलिस मुठभेड़ में घायल 25000 इनामी बदमाश
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। जनपद में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी को भी जंगल की घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गांधी नगर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों तेज रफ्तार से लतीफशाह रोड की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
विज्ञापन
घायल बदमाश की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी निवासी थाना चांद, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। वह इलिया थाने से गोवध के मामले में ₹25 हजार का इनामी और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसका दूसरा साथी सोनू अंसारी निवासी अहरौरा, जनपद मिर्जापुर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दूसरे आरोपी से पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीओ चकिया अजीत सिंह चौहान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से गोवध और अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
