Chandauli News : गैस गोदाम में सेंधमारी कर सिलेंडर चोरी, 4 गिरफ्तार, 30 सिलेंडर और टाटा मैजिक बरामद.
“चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडेन गैस गोदाम में चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 30 गैस सिलेंडर, एक टाटा मैजिक गाड़ी, नकदी और घटना में इस्तेमाल पेचकस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, 19 सिलेंडर गोदाम और 11 सिलेंडर पटनवा निवासी सुधीर सिंह के घर से बरामद किए गए।”
chandauli
9:39 PM, Oct 29, 2026
Share:


अलीनगर पुलिस कि गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसनगर कॉलोनी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंधमारी कर सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 की रात गश्त और चेकिंग के दौरान गोदाम के पास खड़खड़ाहट की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक युवक को गोदाम में सेंध लगाकर गैस सिलेंडर चोरी करते हुए पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित खरवार निवासी गांधीनगर सैदूपुर, थाना चकिया के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने छोटे भाई मोहित खरवार और साथी रतन गौड़ के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए 11 सिलेंडर टाटा मैजिक गाड़ी से पटनवा निवासी सुधीर सिंह के यहां बेचने के लिए ले जाए गए थे।
पुलिस के मुताबिक, रोहित की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए मोहित खरवार, रतन गौड़ और सुधीर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। इस दौरान कुल 30 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 19 सिलेंडर गोदाम से और 11 सिलेंडर सुधीर सिंह के घर से मिले। पुलिस ने मौके से टाटा मैजिक गाड़ी संख्या UP65MT3612, घटना में इस्तेमाल एक लोहे का पेचकस, कुल 6,400 रुपये नकद और आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रोहित खरवार की उम्र करीब 23 वर्ष, मोहित खरवार की 19 वर्ष, रतन गौड़ की 20 वर्ष और सुधीर सिंह की उम्र करीब 46 वर्ष बताई गई है।
विज्ञापन
सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गोदाम में चोरी करते एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार करने के बाद उसके बताए गए ठिकाने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की और अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया। इस मामले में अलीनगर थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 664/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) में अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई 29 अक्टूबर को रात 1:57 बजे से सुबह 4:13 बजे के बीच मानसनगर स्थित गैस गोदाम और ग्राम पटनवा में की गई। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



