Chandauli News: राज्यसभा में दर्शना सिंह ने उठाया स्लीप एपनिया का मुद्दा, राष्ट्रीय जागरूकता अभियान चलाने की मांग.
“राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने संसद के शून्यकाल में स्लीप एपनिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान और जिला स्तर तक जांच सुविधाएं मजबूत करने की मांग की।”
chandauli
6:17 PM, Aug 3, 2026
Share:


राज्यसभा में बोलती सांसद दर्शना सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : विवेकानंद केशरी.
चंदौली। राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह ने संसद के शून्यकाल के दौरान देश में तेजी से बढ़ रही स्लीप एपनिया (Sleep Apnea) जैसी गंभीर लेकिन कम चर्चित बीमारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसे केवल खर्राटों की समस्या समझकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि समय पर पहचान और उपचार न मिलने पर यह उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, स्ट्रोक, मधुमेह समेत कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।
सांसद दर्शना सिंह ने सदन में कहा कि देश में अनुमानित 11 करोड़ लोग स्लीप एपनिया से प्रभावित हैं, जबकि 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को यह तक जानकारी नहीं होती कि वे इस बीमारी से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि तेज खर्राटे, रात में बार-बार नींद खुलना, सुबह सिरदर्द, दिनभर थकान और काम के दौरान नींद आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने लोगों से इन संकेतों को गंभीरता से लेने और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
विज्ञापन
दर्शना सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अब आवश्यकता है कि स्लीप एपनिया जैसी बीमारियों के प्रति भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री से जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इसकी जांच एवं पहचान की सुविधाएं मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण और नशे से दूरी जैसी आदतें अपनाकर इस बीमारी से होने वाली गंभीर जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
