Chandauli News: ट्रेन से घर लौट रहे युवक का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, कपड़े-जूते और मोबाइल गायब, उठे सवाल.
“मुगलसराय के हृदयपुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव की पहचान वाराणसी के 37 वर्षीय रितेश मिश्रा के रूप में हुई है। वह छत्तीसगढ़ से ट्रेन से घर लौट रहा था। मोबाइल-बैग और कपड़ों के कुछ हिस्से के नहीं मिलने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हुए हैं।”
chandauli
6:44 PM, Oct 3, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडी नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हृदयपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के पुरानापट्टी, पोस्ट प्यारी निवासी 37 वर्षीय रितेश मिश्रा के रूप में हुई है। रितेश छत्तीसगढ़ से छुट्टी लेकर ट्रेन संख्या 15232 गोंदिया-भुज एक्सप्रेस से घर लौट रहा था। वह ट्रेन के एस-2 कोच में सीट नंबर 48 पर सवार था।
परिजनों के अनुसार, रितेश के पास मोबाइल और बैग था। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। करीब चार बजे मोबाइल अचानक स्विच ऑफ हो गया। वाराणसी कैंट स्टेशन पहुंचने पर भाई ने उसकी बर्थ और पूरी बोगी में तलाश की, लेकिन रितेश नहीं मिला। इसके बाद अगले स्टेशन पर भी बोगी की जांच कराई गई। इसी बीच सोशल मीडिया के माध्यम से परिजनों को हृदयपुर के पास रेलवे ट्रैक पर अज्ञात युवक का शव मिलने की जानकारी हुई। जिला अस्पताल के मोर्चरी हाउस पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान रितेश मिश्रा के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस, आरपीएफ व्यासपुर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। प्रारंभिक जांच में शरीर पर बड़ी चोट के निशान नहीं मिले, जबकि सिर पर चोट पाई गई। शव के पास मोबाइल और बैग नहीं मिला। रितेश के शरीर पर शर्ट, अंडरवियर और रुद्राक्ष की माला थी, जबकि पैंट और एक जूता भी नहीं मिला।
विज्ञापन
शव के पास शौच किए जाने के संकेत मिलने की बात भी सामने आई है। ऐसे में यह सवाल जांच का हिस्सा बना हुआ है कि ट्रेन में शौचालय होने के बावजूद रितेश ट्रेन से नीचे कैसे और क्यों उतरा। पुलिस मोबाइल और बैग के गायब होने, सिर में चोट लगने तथा कपड़े और जूते नहीं मिलने समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है क्षेत्राधिकारी डीडीयू नगर अरुण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


