Chandauli News: गुमशुदा बुजुर्ग का चंद्रप्रभा नदी में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम.
"प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।"
chandauli
5:30 PM, Jan 20, 2026
Share:


मृतक नारद मौर्य की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील, (चंदौली).
चंदौली। चकिया थाना क्षेत्र के ग्राम बैरा निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग नारद मौर्य की चंद्रप्रभा नदी में उतराया शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी। बताया गया कि नारद मौर्य कुछ दिन पहले रोज़ की तरह सुबह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और बाद में थाना चकिया में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के गांवों, नदी-नालों और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसी बीच मंगलवार को चंद्रप्रभा नदी में एक बुजुर्ग का शव दिखाई देने की सूचना मिली, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर चकिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया।
विज्ञापन
शव की शिनाख्त गुमशुदा नारद मौर्य के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।



