Chandauli News: तालाब में मिला लापता युवक का शव, गांव में मचा हड़कंप.
"फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।"
chandauli
8:56 PM, Jan 21, 2026
Share:


मृतक भीषण कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया (चंदौली).
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के तालाब में एक युवक का शव उतराता मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी भीषन चौकीदार के 25 वर्षीय पुत्र विनय के रूप में हुई है। विनय बीते एक सप्ताह से लापता था, जिसकी गुमशुदगी परिजनों ने 14 जनवरी को थाने में दर्ज कराई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह तालाब की ओर गए कुछ लोगों ने पानी में शव देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना इलिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शव मिलने की जानकारी जैसे ही गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। कुछ ही देर में मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। विनय का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं।
