Chandauli News: चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, विषैले जंतु के काटने की आशंका.
"सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी विषैले जंतु के काटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।"
chandauli
8:49 PM, May 31, 2026
Share:


85 वर्षीय रामनगीना कुशवाहा कि फ़ाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के दिनदासपुर गांव में रविवार दोपहर एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग को किसी विषैले जंतु ने काट लिया, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार दिनदासपुर गांव निवासी 85 वर्षीय रामनगीना कुशवाहा दोपहर में भोजन करने के बाद घर के मड़ई में चारपाई पर आराम कर रहे थे। कुछ समय बाद उनकी पत्नी छाया देवी उन्हें जगाने पहुंचीं तो देखा कि उनके मुंह से झाग निकल रहा था और हाथ पर कटने जैसा निशान बना हुआ था। यह देख वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। परिजन तत्काल रामनगीना कुशवाहा को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
विज्ञापन
बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी छाया देवी, पुत्र विजमल, नितिश समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।सकलडीहा कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी विषैले जंतु के काटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक जांच की जा रही है।



