Chandauli News: लापता युवती की मौत का डेढ़ माह बाद खुलासा, परिजनों ने उठाए सवाल.
"फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। परिवार न्याय की मांग को लेकर प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपेक्षा कर रहा है।"
chandauli
9:24 PM, May 31, 2026
Share:


मृतक विवाहिता की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर (चंदौली).
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र की एक युवती के लापता होने का मामला डेढ़ माह बाद उस समय नया मोड़ ले गया, जब परिजनों को जानकारी मिली कि युवती की मौत काफी पहले सड़क हादसे में हो चुकी थी। घटना की जानकारी देर से मिलने पर परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार युवती करीब डेढ़ से दो महीने पहले घर से लापता हो गई थी। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा रहा और पुलिस से भी संपर्क बनाए रखा। मृतका के पिता प्रदीप कुमार का आरोप है कि हाल ही में उन्हें अलीनगर पुलिस द्वारा रामनगर थाने भेजा गया, जहां उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की 8 अप्रैल को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। बताया गया कि दुर्घटना के समय युवती की पहचान नहीं हो सकी थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार भी करा दिया। परिवार का कहना है कि उन्हें न तो दुर्घटना की सूचना दी गई और न ही अंतिम संस्कार की जानकारी, जिससे वे गहरे सदमे में हैं।
विज्ञापन
मृतका की बहन दीप्ति ने युवती के ससुराल पक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बहन लंबे समय से मानसिक और पारिवारिक प्रताड़ना झेल रही थी। परिवार का दावा है कि युवती ने अपने पीछे कुछ ऐसे संकेत और जानकारियां छोड़ी थीं, जिनकी जांच आवश्यक है। परिजनों का आरोप है कि वे लगातार थाने का चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें मामले से जुड़ी सही जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई।परिवार ने मांग की है कि युवती की मौत को केवल सड़क दुर्घटना मानकर मामला समाप्त न किया जाए, बल्कि उसके वैवाहिक जीवन, ससुराल पक्ष से जुड़े विवादों और अन्य संभावित पहलुओं की भी गहन जांच की जाए। परिजनों का कहना है कि यदि जांच में किसी प्रकार की प्रताड़ना या दबाव की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
