Chandauli News: निर्माणाधीन फ्लैट में संदिग्ध हाल में घायल मिले चौकीदार की मौत, परिजनों ने कि जांच की मांग.
“मुगलसराय के न्यू महाल पानी टंकी के पास निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदारी करने वाले पुनवासी चौहान की बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने चोट लगने की परिस्थितियों की जांच और कार्रवाई की मांग की है।”
chandauli
4:30 PM, Oct 5, 2026
Share:


मृतक पुनवासी की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के न्यू महाल पानी टंकी के पास निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदारी करने वाले पुनवासी चौहान की इलाज के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में मौत हो गई। वह रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अलीनगर नई बस्ती निवासी पुनवासी चौहान निर्माणाधीन फ्लैट में चौकीदार का काम करते थे। परिजनों के अनुसार वह रविवार शाम करीब छह बजे रोज की तरह ड्यूटी पर गए थे। रात करीब 10 से 10:15 बजे उनकी पत्नी गीता देवी के मोबाइल पर फोन आया कि पुनवासी फ्लैट के बाहर घायल और अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां डायल 112 की पुलिस भी मौजूद थी। परिजन पुनवासी को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
घटना को लेकर परिजनों ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। पूर्व सभासद और मृतक के बड़े भाई संतोष चौहान ने बताया कि पुनवासी के साथ क्या हुआ और उन्हें चोट कैसे लगी, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार की मदद की मांग की। संतोष चौहान ने बताया कि पुनवासी के परिवार में पत्नी गीता देवी और तीन बच्चे काजल (12), पवन कुमार (10) तथा प्रिंस (9) हैं। तीनों बच्चे पढ़ाई करते हैं। परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी पुनवासी पर थी। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


