Chandauli News: जंगल में मौत का जाल: अवैध शिकार के लिए बिछे करंट तार से किसान झुलसा.
"रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली के तार बिछाकर शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ को मौके पर भेज दिया गया है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
9:12 PM, Feb 1, 2026
Share:


घायल किसान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: लक्ष्मीकान्त, नौगढ़, (चंदौली).
चंदौली। नौगढ़ तहसील के जंगलों में अवैध शिकार के लिए बिछाए गए हाई-वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया। यह हादसा सोमवार सुबह चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बजरडीहा गांव के पास हुआ। घायल किसान को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बजरडीहा गांव निवासी 60 वर्षीय बचाऊ पुत्र रामजग सोमवार सुबह अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान परसिया गांव के पास ओखरिहवा बंधी के समीप नाले के किनारे झाड़ियों में छिपाकर लगाए गए नंगे बिजली के तार में उनका पैर उलझ गया। अचानक तेज करंट की चपेट में आने से वे जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। हादसे में उनके पैर और पीठ बुरी तरह झुलस गए।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही बजरडीहा गांव के प्रधान संजय यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायल किसान को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि नौगढ़ के जंगलों में अवैध शिकार के लिए लंबे समय से बिजली के तार बिछाए जा रहे हैं। शिकारी जंगल, खेतों की पगडंडियों और नालों के आसपास हाई-वोल्टेज करंट वाले तार लगा देते हैं, जिससे वन्यजीवों के साथ-साथ आम ग्रामीणों की जान भी खतरे में पड़ रही है।
इस मामले में वन विभाग के रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली के तार बिछाकर शिकार करना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि फील्ड स्टाफ को मौके पर भेज दिया गया है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगलों में बिछे अवैध बिजली के तारों को तत्काल हटाया जाए, अन्यथा भविष्य में इससे भी बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।



