Chandauli News: विधायक के आश्वासन के बाद भी रेलवे ने बंद किया नाला, नाराज 10 गांवों के ग्रामीणों ने दी वोट बहिष्कार की चेतावनी.
“पुरैनी गांव में रेलवे विस्तार कार्य के दौरान पुराने नाले को बंद किए जाने से जलनिकासी का संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विधायक के आश्वासन के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिससे नाराज 10 से अधिक गांवों के लोगों ने विधानसभा चुनाव में वोट बहिष्कार की चेतावनी दी है।”
chandauli
6:41 PM, Jul 16, 2026
Share:


18 जून 2026 को गांव में एसडीएम के साथ पहुंचे भाजपा विधायक रमेश जायसवाल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के पुरैनी गांव में रेलवे लाइन के विस्तारीकरण के दौरान वर्षों पुराने नाले को बंद किए जाने से जलनिकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बरसात के मौसम में जलभराव की आशंका को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी है। उनका आरोप है कि स्थानीय विधायक ने मौके पर पहुंचकर एक सप्ताह में समाधान कराने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण संतोष कुमार चौहान ने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे बना पुराना नाला 20 से अधिक गांवों के पानी की निकासी का प्रमुख मार्ग था। रेलवे विस्तार कार्य के दौरान करीब 800 मीटर लंबे इस नाले को बंद कर दिया गया, जिससे बरसात में पुरैनी समेत आसपास के गांवों में जलभराव का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर विधायक मौके पर पहुंचे थे और अधिकारियों से बातचीत कर एक सप्ताह में नाला खुदवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार संपर्क करने पर केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
विज्ञापन
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि इसी नाले के माध्यम से सिंघीताली क्षेत्र से लेकर करीब 15 गांवों का पानी चंदासी नाले के रास्ते गंगा नदी में पहुंचता था। अब जलनिकासी बाधित होने से फसल, मकान और जनजीवन पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने रेलवे द्वारा बंद किए गए नाले को तत्काल खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो पुरैनी सहित 10 गांवों के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।
