Chandauli News: इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी, 12 हजार लीटर ईंधन से भरा टैंकर और उपकरण बरामद.
“चंदौली के अलीनगर में इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, 12 हजार लीटर ईंधन से भरा टैंकर और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। मामले में टैंकर मालिक, चालक, खलासी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।”
chandauli
8:31 PM, Nov 17, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, लगभग 12 हजार लीटर ईंधन से भरा टैंकर और तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद आरोपी फरार हो गए। मामले में टैंकर मालिक समेत चालक, खलासी और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले खड़े टैंकर संख्या UP 45 T 3706 से डीजल चोरी किया जा रहा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी की, लेकिन वहां मौजूद लोग तेल और उपकरण छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के चैंबर का लॉक टूटा मिला। ढक्कन खोलकर उसमें पाइप लगाया गया था और टैंकर से डीजल का रिसाव भी हो रहा था। पुलिस ने मौके से दो भरे हुए 50-50 लीटर के गैलन, दो खाली गैलन, तीन बाल्टी, लोहे की कुप्पी, हथौड़ी, पंच मशीन, 50 पिन, दो पेचकश और करीब 28 फीट प्लास्टिक पाइप बरामद किया। इसके साथ ही करीब 12 हजार लीटर डीजल/पेट्रोल से भरा टैंकर भी कब्जे में लिया गया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार टैंकर का पंजीकृत मालिक अलीनगर निवासी मोहम्मद यासिन पुत्र मुर्तजा है। पूछताछ में जानकारी मिली कि घटनास्थल के पास ही उसका ट्रांसपोर्ट कार्यालय है और उसके यहां से इंडियन ऑयल कंपनी में 22 टैंकर संचालित होते हैं। मौके से फरार लोगों की पहचान चंद्रमा चौहान उर्फ चंदा निवासी बिछड़ी, टैंकर चालक मंगल चौहान निवासी मुगलचक और खलासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 707/2026 के तहत बीएनएस की धारा 287, 316(3), 305(बी), 317(2), 61(2) और पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया ने बताया कि पुलिस ने इंडियन ऑयल डिपो के बाहर टैंकर से डीजल चोरी करते हुए कुछ लोगों को देखा था। पुलिस को देखकर तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और 50-50 लीटर डीजल से भरे दो बैरल बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों और उनके अन्य साथियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।


