Chandauli News: जिले को मिला नया पुलिस कप्तान, आकाश पटेल संभालेंगे कमान, कानून व्यवस्था सुधारना बड़ी चुनौती.
"नवागत एसपी आकाश पटेल के सामने जिले में बिगड़ी कानून व्यवस्था को पटरी पर लाना सबसे बड़ी चुनौती होगी। साथ ही लंबित मामलों के खुलासे, अपराध नियंत्रण और जनता का भरोसा जीतना उनकी प्राथमिकता मानी जा रही है।"
chandauli
9:21 PM, Mar 30, 2026
Share:


चंदौली के नवागत पुलिस कप्तान आकाश पटेल
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संतोष, ब्यूरो हेड, पूर्वांचल भास्कर.
चंदौली: प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत चंदौली को नया पुलिस कप्तान मिल गया है। 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी आकाश पटेल को जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है, जबकि मौजूदा एसपी आदित्य लाग्हे का तबादला फिरोजाबाद कर दिया गया है। आकाश पटेल इससे पहले वाराणसी में एडीसीपी के पद पर तैनात रह चुके हैं और अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं।
आकाश पटेल ने वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में दिसंबर 2025 में हुए 14 वर्षीय समीर सिंह हत्याकांड के खुलासे में अहम भूमिका निभाई थी। इस जटिल केस में 101 सीसीटीवी फुटेज, ऑडियो साक्ष्य और करीब 100 लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इससे पहले गाजियाबाद में एएसपी रहते हुए उन्होंने मुरादनगर के चर्चित पांच हत्याओं वाले मामले का भी पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया था।
विज्ञापन
वहीं, चंदौली में बीते छह महीनों के दौरान कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठते रहे। कई बड़ी घटनाओं, खासकर अक्टूबर 2025 में दवा व्यवसायी रोहिताश पाल हत्याकांड का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर विपक्ष और जनता दोनों सवाल खड़े कर रहे थे। थानाध्यक्षों की तैनाती, जनता से संवाद की कमी और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की कमजोर पकड़ को लेकर भी मौजूदा एसपी आदित्य लाग्हे आलोचनाओं के घेरे में रहे। वही मुगलसराय कोतवाली के सेमरा गांव में जुए के अड्डे पर हुई छापेमारी के बाद मुगलसराय कोतवाल को लाइन हाजिर करने और चौकी इंचार्ज कों ट्रांसफर करने के आदेश कों लेकर पुलिस अधीक्षक के कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
