Chandauli News: जिला पंचायत सदस्य की बाइक चोरी, तीन दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा, धानापुर पुलिस पर उठाए सवाल.
“चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह की बाइक 13 नवंबर को नरौली गांव स्थित रामरक्षा दास कुटी के पास से चोरी हो गई। 17 नवंबर को मुकदमा दर्ज होने के बाद उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए एसपी से चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।”
chandauli
10:43 AM, Nov 20, 2026
Share:


एफआईआर कि कॉपी पढ़ते अंजनी सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव स्थित रामरक्षा दास कुटी के पास से जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। घटना 13 नवंबर की है, जबकि पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। चार दिन बाद मुकदमा दर्ज होने को लेकर जिला पंचायत सदस्य ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
अंजनी सिंह के मुताबिक, 13 नवंबर को वह गांव के परिचित व्यक्ति के निधन में शामिल होने और छठ घाट की तैयारियां देखने के लिए रामरक्षा दास कुटी पहुंचे थे। उनके साथ रामशीश भी थे। दोपहर करीब 2:20 से 2:30 बजे जब वह घाट से ऊपर आए तो उनकी मोटरसाइकिल गायब थी। पहले उन्हें लगा कि कोई परिचित गलती से बाइक ले गया होगा। इस वजह से करीब आधे घंटे तक इंतजार किया, लेकिन बाइक नहीं मिली। पास के मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे की लीड खराब होने के कारण फुटेज भी नहीं मिल सकी। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि घटना के बाद पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन तीन दिन तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। 17 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक जनप्रतिनिधि को मुकदमा दर्ज कराने में तीन दिन लग रहे हैं तो आम गरीब लोगों के साथ थाने में कैसा व्यवहार होता होगा।
विज्ञापन
अंजनी सिंह ने कहा कि धानापुर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने एसपी चंदौली से बाइक चोरी के मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए चोरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते चोरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हैं और सेना की पुलिस कोर में भी सेवा दे चुके हैं। इसलिए सामान्य तौर पर पुलिस पर आरोप लगाने से बचते हैं, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और बाइक बरामद न होने से जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार के कानून-व्यवस्था संबंधी दावों के बीच चोरी की घटनाओं पर भी सवाल उठाए।


