ब्रेकिंग न्यूज़
sliderimg
sliderimg
मुख्य खबरें/न्यूज़/chandauli news divya mittal said i will neither form an alliance nor take the help of muscle power and big money power i will fight for the people

Chandauli News: दिव्या मित्तल बोलीं, न गठबंधन करूंगी, न बाहुबल और बड़े धनबल का सहारा लूंगी, जनता के लिए लड़ूंगी.

“जननीति भारत पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल गुरुवार शाम डीडीयू नगर पहुंचीं। एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल, मिर्जापुर और देवरिया से तबादले, मजार प्रकरण, एसआईआर में वोटर लिस्ट से नाम कटने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर खुलकर अपनी बात रखी।”

chandauli

11:52 AM, Nov 27, 2026

Share:

Chandauli News: दिव्या मित्तल बोलीं, न गठबंधन करूंगी, न बाहुबल और बड़े धनबल का सहारा लूंगी, जनता के लिए लड़ूंगी.
logo

पुलिस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देती दिव्या मित्तल

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.

चंदौली। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जननीति भारत पार्टी ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल गुरुवार शाम डीडीयू नगर पहुंचीं। नगर के एक होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए अपने प्रशासनिक कार्यकाल से जुड़े विवादों, मिर्जापुर और देवरिया से हटाए जाने, मजार प्रकरण और चुनावी तैयारियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

Img

दिव्या मित्तल ने कहा कि 13 साल तक प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने के बाद उन्हें लगा कि सिस्टम को ठीक करने के लिए केवल उसके भीतर रहकर काम करना पर्याप्त नहीं है। उनके पास पद, अधिकार और सुविधाएं थीं, लेकिन वह लोगों के लिए काम करने के उद्देश्य से लंदन छोड़कर भारत आई थीं। ऐसे में उन्होंने नौकरी छोड़कर राजनीति में आने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि वह आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उन्हें नीतिगत फैसलों में जगह दिलाना चाहती हैं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर उन्होंने कहा कि जननीति भारत पार्टी लगातार लोगों से जुड़ रही है। सोशल मीडिया और पार्टी की वेबसाइट janneetibharat.com के माध्यम से संगठन का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग्य प्रत्याशी मिलने पर पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। प्रत्याशी वही होगा जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर राजनीति करे और आम लोगों के लिए संघर्ष करने का माद्दा रखता हो। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेंगी। उनका उद्देश्य जाति और धर्म की राजनीति से अलग आम जनता को सत्ता और निर्णय प्रक्रिया के केंद्र में लाना है। 

Img

अपने जिलाधिकारी कार्यकाल के दौरान मिर्जापुर में मजार से जुड़े प्रकरण पर उठे सवालों का जवाब देते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि एक आईएएस अधिकारी को संविधान से सुरक्षा मिलती है और यह कहना उचित नहीं है कि किसी अधिकारी ने नौकरी बचाने के लिए दबाव में कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस मजार पर चादर चढ़ाई जाती थी, वह आज भी मौजूद है। उन्होंने मजार को नहीं तोड़ा था, बल्कि उनके अनुसार ग्रामसभा की जमीन पर गलत तरीके से नाम दर्ज कराकर मजार के नाम पर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाया गया था, जिसे हटवाया गया। उन्होंने कहा कि वह तुष्टीकरण नहीं करेंगी और न्याय के लिए हमेशा खड़ी रहेंगी। राजनीति में आने के बाद पुराने मामले को लेकर आंसू बहाने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि न उस समय आंसू आए थे और न अब आ रहे हैं। उन्होंने दबाव होने के बावजूद वही किया, जिसे सही समझा।

विज्ञापन

Img

एसआईआर प्रक्रिया और मतदाता सूची से नाम कटने के मुद्दे पर दिव्या मित्तल ने कहा कि इसका उद्देश्य डुप्लीकेट, मृत और गलत मतदाताओं के नाम हटाना था, लेकिन प्रक्रिया के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और एकरूपता जरूरी है। नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी सरल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के साथ राजनीतिक दलों की भी जिम्मेदारी है। बूथ लेवल एजेंटों को मतदाता सूची की जांच करनी चाहिए और यदि गलत तरीके से किसी का नाम काटा गया है तो तथ्यों और आंकड़ों के साथ सामने आना चाहिए। केवल आरोप लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी संस्थानों को पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए। चुनाव में धनबल और बाहुबल की चुनौती पर उन्होंने कहा कि वह न तो बाहुबल का सहारा लेंगी और न ही बड़े पूंजीपतियों से चंदा लेंगी। पार्टी आम लोगों से 10-10 रुपये का सहयोग लेकर क्राउडफंडिंग के जरिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि रास्ता कठिन जरूर है, लेकिन गलत रास्ते से सही मंजिल हासिल नहीं की जा सकती।

Img

दिव्या मित्तल ने कहा कि इस्तीफा देने के बाद से लगातार उन पर व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं, लेकिन इससे वह पीछे हटने वाली नहीं हैं। वह चाहती हैं कि आने वाली पीढ़ी की बच्चियां भी बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि देश के 80 से 90 प्रतिशत लोग मूल रूप से अच्छे हैं। जब लोगों को सही विकल्प नहीं मिलता तो वे उपलब्ध विकल्पों में से अपनी समझ के अनुसार रास्ता चुनते हैं। उन्होंने देवकली देवी का उदाहरण देते हुए कहा कि सीमित सुविधाओं के बावजूद उन्होंने अपने गांव के बच्चों की शिक्षा के लिए पांचवीं से आगे स्कूल की मांग उठाई थी।समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन में दरार के सवाल पर उन्होंने इसे दोनों दलों का निजी मामला बताया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी एक राजनीतिक दल को अच्छा या बुरा बताना नहीं, बल्कि जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने वाली सोच का विरोध करना है। दिव्या मित्तल ने कहा कि संविधान में सभी को समान अधिकार और अवसर देने की बात कही गई है। उनकी राजनीति का उद्देश्य आम आदमी को फिर से व्यवस्था के केंद्र में लाना है। उन्होंने कहा कि वह न हार मानेंगी और न डरेंगी तथा जनता के बीच जाकर अपनी बात रखती रहेंगी।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.