Sonbhadra News: वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर दो हाइवा की भीषण भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक; रेस्क्यू कर निकाला गया बाहर.
चोपन क्षेत्र में दो हाइवा वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। पीछे से आ रहा हाइवा आगे चल रहे वाहन में जा घुसा, जिससे एक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक विजय यादव (50) को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक का बायां पैर टूट गया, जिसे चोपन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रॉबर्ट्सगंज भेजा गया।
sonbhadra
11:19 PM, Nov 26, 2026
Share:


चोपन में दो हाइवा की टक्कर के बाद केबिन में फंसे घायल चालक को पुलिस और फायर ब्रिगेड ने सुरक्षित निकाला।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
चोपन थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर स्थित बेरियर के पास दो हाइवा वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक हाइवा का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची चोपन पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में हाइवा चालक विजय यादव (50), पुत्र गम्मा लाल, निवासी भवानीपुर, थाना रॉबर्ट्सगंज गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बायां पैर टूट गया। रेस्क्यू के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चोपन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रॉबर्ट्सगंज भेज दिया गया।
विज्ञापन
घायल चालक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाला की तरफ जा रहा आगे वाला हाइवा प्लास्टिक से ढका हुआ था। उसके अंदर क्या सामान लदा था, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहा खाली हाइवा आगे चल रहे वाहन में जा घुसा, जिससे जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद आगे वाले हाइवा का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और घायल चालक को बाहर निकालने में मदद की। गनीमत रही कि समय रहते चालक को केबिन से बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई। फिलहाल हादसे के कारणों और आगे वाले हाइवा में लदे सामान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।


