Chandauli News: बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे डीएम, कटान रोकने के लिए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश.
“चंदौली में संभावित बाढ़ और नदी कटान को लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। ग्रामीणों की शिकायत पर कटान रोकने के लिए विशेष जांच कमेटी गठित कर ठोस योजना तैयार करने के निर्देश दिए।”
chandauli
7:52 AM, Aug 23, 2026
Share:


बाढ़ संभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बातचीत करते जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकासखंड नियामताबाद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली सहित तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष नदी के कटान की समस्या रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एक्सियन बंधी से फोन पर वार्ता कर तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर को विशेष जांच कमेटी गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने और रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बाढ़ से पहले सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके चारे-पानी की व्यवस्था करने को कहा।
विज्ञापन
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी जायजा लिया। विद्यालय में पठन-पाठन और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली। वहीं सामुदायिक शौचालय में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर बीडीओ नियामताबाद और केयरटेकर को फटकार लगाते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कर उसे चालू कराने के निर्देश दिए। जन आरोग्य केंद्र में डीएम ने मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया, जहां मरीजों ने डॉक्टरों की कार्यप्रणाली पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीडीडीयू नगर, बीडीओ नियामताबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



