Chandauli News: डीएम की चेतावनी, गैस की कोई कमी नहीं, अफवाह फैलाने और कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई.
"जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग या अवैध भंडारण नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से संयम बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।"
chandauli
6:31 PM, Mar 12, 2026
Share:


कलेक्टर सभागार में पेट्रोल पंप संचालकों और एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों को दिशा निर्देश देते डीएम, एसपी और एडीएम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों व जिले के गैस वितरकों ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है।
जिलाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर गैस की कमी को लेकर भ्रामक खबरें फैल रही हैं, जिससे लोगों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है और जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अफवाह फैलाने, जमाखोरी करने या गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि घबराहट में अतिरिक्त सिलेंडर की बुकिंग या घरों में गैस का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को सुचारु रूप से गैस मिल सके।
विज्ञापन
बैठक में गैस वितरकों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न होने दें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को एलपीजी गोदामों और वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
