Chandauli News: चिरईगांव अस्पताल में सुबह 9:06 बजे पहुंचे डॉक्टर, पूर्व विधायक ने खोली व्यवस्था के दावों की पोल, 15 दिन में सुधार का अल्टीमेटम.
“चिरईगांव अस्पताल में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचने वाले मरीजों को बदहाली का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खुली तो डॉक्टर की मौजूदगी पर भी सवाल उठे। अब 15 दिन में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन की चेतावनी दी गई है।”
chandauli
6:19 PM, Aug 13, 2026
Share:


पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह व से समस्या बताते ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने गुरुवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव का निरीक्षण किया। अस्पताल में ग्रामीणों ने दवा नहीं मिलने और डॉक्टरों के नियमित उपलब्ध नहीं रहने की शिकायत की। निरीक्षण के दौरान तैनात चिकित्सक भी सुबह 9:06 बजे अस्पताल पहुंचे, जिस पर पूर्व विधायक ने उनसे व्यवस्थाओं को लेकर जवाब-तलब किया।
अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का आलम यह मिला कि पंखे और समरसेबल चोरी हो चुके हैं। परिसर में घास-फूस बढ़ने से जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है, जबकि क्षतिग्रस्त बाउंड्री के कारण अराजकतत्वों की आवाजाही की भी शिकायत सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि रात में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के नहीं रुकने से आपात स्थिति में निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है। पूर्व विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ से फोन पर वार्ता कर अस्पताल की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मियों का अस्पताल में ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की।
विज्ञापन
पूर्व विधायक ने बताया कि अस्पताल में आवासीय सुविधा भी बनाई गई है, इसके बावजूद कर्मचारी रात में नहीं रुकते। सीएमओ ने समस्याओं का 15 दिनों के भीतर समाधान कराने का भरोसा दिया। पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि तय समय में व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
