Chandauli News: क्रिकेटर बनने का सपना अधूरा रह गया, पहले ही दिन अकादमी से लौटते समय किशोर की दर्दनाक मौत.
"आरूष हिनौली स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ उसे क्रिकेट से गहरा लगाव था और वह भविष्य में बड़ा खिलाड़ी बनना चाहता था।"
chandauli
7:34 AM, Jul 15, 2026
Share:


मृतक छात्र आरुष की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। क्रिकेटर बनने का सपना संजोए 14 वर्षीय आरूष यादव की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हरहुआ स्थित क्रिकेट अकादमी में पहले दिन अभ्यास करने के बाद पिता के साथ घर लौटते समय चौबेपुर थाना क्षेत्र के बभनपुरा गंगा पुल पर हुए हादसे में उसकी जान चली गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता विकास यादव का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर स्थित अध्यापक कॉलोनी निवासी आरूष यादव हाल ही में हरहुआ की क्रिकेट अकादमी में चयनित हुआ था। सोमवार को वह बड़े उत्साह के साथ अपने पहले प्रशिक्षण सत्र में शामिल होने गया था। लौटते समय कार की टक्कर के बाद वह उछलकर निर्माणाधीन पुल के पिलर से टकरा गया, जहां सीने में सरिया धंस जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पिता विकास यादव भी हादसे में घायल हो गए, जिनका वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है।
विज्ञापन
आरूष हिनौली स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। पढ़ाई के साथ-साथ उसे क्रिकेट से गहरा लगाव था और वह भविष्य में बड़ा खिलाड़ी बनना चाहता था। उसकी मां संगीता देवी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं। बेटे की असमय मौत और पति के अस्पताल में भर्ती होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार को परिजनों ने नम आंखों से आरूष का अंतिम संस्कार किया। मोहल्ले और विद्यालय में भी शोक का माहौल है।
