Chandauli News: माघ मेले को लेकर डीआरएम ने डीडीयू जंक्शन पर तैयारियों का लिया जायजा.
"डीआरएम उदय सिंह मीणा ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आपात चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए कि स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम 24 घंटे तैनात रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके"
chandauli
7:17 PM, Jan 2, 2026
Share:


वीडियो जंक्शन के कंट्रोल रूम में सीसीटीवी कैमरा की मॉनिटरिंग करते और निर्देश देते आरपीएफ कमांडेंट के साथ डीआरएम उदय सिंह मीणा
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। माघ मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए शुक्रवार को डीआरएम उदय सिंह मीना ने आरपीएफ कमांडेंट जेथिन बी राज के साथ डीडीयू जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा, सुचारू आवागमन और स्टेशन पर की जा रही तैयारियों का गहनता से जायजा लिया। डीआरएम ने होल्डिंग एरिया में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बाहर से अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की जा रही है। महाकुंभ की तर्ज पर स्टेशन पर होल्डिंग एरिया, अतिरिक्त टिकट काउंटर, पेयजल और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था की गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मजबूत की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विज्ञापन
डीआरएम ने स्पष्ट कहा कि माघ मेले के दौरान स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था महाकुंभ की तर्ज पर होगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीडीयू स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बल के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर में गंदगी और बंद पड़ी स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) को देखकर डीआरएम नाराज नजर आए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार और सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आपात चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी डीआरएम ने निर्देश दिए कि स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम 24 घंटे तैनात रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इस मौके पर एडीआरएम सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



