Chandauli News: दरियापुर माइनर में पानी न पहुंचने से सूखे खेत, किसानों ने सिंचाई के लिए उठाई आवाज.
"सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि किसानों की समस्या से संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है और शीघ्र सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।"
chandauli
9:45 PM, Jun 28, 2026
Share:


पानी के अभाव में सूखे खेत
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिले में सिंचाई व्यवस्था सुधारने के प्रशासनिक दावों के बावजूद नरायनपुर पंप कैनाल से संचालित दरियापुर माइनर में अब तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। माइनर सूखी होने से खेतों में दरारें पड़ने लगी हैं और धान की नर्सरी तैयार करना भी प्रभावित हो रहा है। पानी के अभाव में पशुपालकों को भी पशुओं के लिए पानी जुटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने जल्द माइनर में पानी छोड़े जाने की मांग की है।
दरियापुर माइनर से चांदपुर, बहबलपुर, कटेहरा, बथावर, दरियापुर, घरचित, रतनपुरा, ओड़वली, पदुमनाथपुर, चतुर्भुजपुर, डैना, टेकापुर, बहरवानी, बरठी और तुलसी आश्रम समेत कई गांवों के खेतों की सिंचाई होती है। माइनर में पानी आने से खेतों के साथ-साथ आसपास के तालाब और गढ़ही भी भर जाते हैं, जिससे पशुओं के लिए भी पानी उपलब्ध रहता है। लेकिन इस बार माइनर सूखी रहने से करीब एक हजार एकड़ से अधिक कृषि भूमि प्रभावित बताई जा रही है। किसानों का कहना है कि धान की नर्सरी तैयार करना तो दूर, पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर तहसील दिवस में भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक माइनर में पानी नहीं छोड़ा गया। किसानों का आरोप है कि मुख्य रजवाहों में पानी पहुंच रहा है, जबकि टेल क्षेत्र की माइनर अब भी सूखी पड़ी है।
विज्ञापन
किसान रमेश यादव, पशुराम सिंह, हरिद्वार राजभर, पारस यादव, अश्वनी मिश्रा, अमित पांडेय, सुजीत पांडेय, मुन्ना पांडेय, मुरली राजभर, विजयी राजभर, दीना राजभर, कौशल राजभर और राजीव दीक्षित सहित अन्य किसानों ने प्रशासन से तत्काल दरियापुर माइनर में पानी छोड़ने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कहा कि किसानों की समस्या से संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है और शीघ्र सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
