Chandauli News: महाशिवरात्रि पर रेलवे क्रॉसिंग बंद न होने से 25 मिनट तक रुकी रहीं ट्रेनें, मची रही अफरा-तफरी.
"स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्व-त्योहार के दौरान इस क्रॉसिंग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात की वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।"
chandauli
10:29 PM, Feb 15, 2026
Share:


रेलवे क्रासिंग गेट व रेलवे ट्रैक पर खड़ी वाहनों की कतार
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा (चंदौली).
चंदौली। महाशिवरात्रि पर्व पर जहां प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता के दावे कर रहा था, वहीं सकलडीहा क्षेत्र के भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को अव्यवस्था की तस्वीर सामने आई। सुबह करीब 11:30 बजे रेलवे फाटक समय से बंद न हो पाने के कारण अप और डाउन लाइन की ट्रेनें करीब 20 से 25 मिनट तक खड़ी रहीं।
बताया जाता है कि रेलवे ट्रैक पर वाहनों और श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक थी कि गेटमैन फाटक बंद नहीं कर सका। सायरन बजाने के बावजूद ट्रैक खाली नहीं हुआ। मजबूरन डाउन लाइन की 15657 ब्रह्मपुत्र मेल और अप लाइन की एक मालगाड़ी को रोकना पड़ा। स्थिति गंभीर होते देख गेटमैन ने तत्काल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों ओर से वाहनों को हटवाकर ट्रैक खाली कराया, तब जाकर फाटक बंद किया जा सका और ट्रेनें आगे बढ़ पाईं। स्टेशन मास्टर उपेंद्र कुमार के अनुसार ट्रेनें सुबह 11:35 बजे से 11:56 बजे तक रुकी रहीं।
विज्ञापन
भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से पटना रेल रूट पर स्थित है और चंदौली-सैदपुर स्टेट हाईवे से जुड़ा अत्यंत व्यस्त मार्ग है। महाशिवरात्रि के अवसर पर चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू बाबा कालेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ने से जाम की स्थिति और विकराल हो गई। करीब आधे घंटे तक फाटक के दोनों ओर अधिकारियों, श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों के वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
