Chandauli News: इलाज के दौरान झुलसी महिला की मौत से, परिजनों जे लगाया लापरवाही का आरोप.
"मृतका के पति शिवानंद तिवारी और अन्य परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।"
chandauli
10:15 PM, Jan 27, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित पंण्डित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान झुलसी महिला की मौत का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार 21 जनवरी को झुलसी महिला रागिनी तिवारी को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान तैनात चिकित्सक डॉ. शिवेंद्र सिंह ने मरीज की हालत पर ध्यान नहीं दिया। डॉक्टरों द्वारा ब्लड की कमी बताई गई, जिसके बाद परिजनों ने व्यवस्था कर ब्लड उपलब्ध कराया, लेकिन महज पांच मिनट तक ही ब्लड चढ़ाया गया और बाद में उसे खराब बताकर रोक दिया गया। परिजनों का कहना है कि इसके बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती रही और पूरा इलाज जूनियर डॉक्टरों के भरोसे चलता रहा। आरोप है कि वरिष्ठ चिकित्सक ने दोबारा मरीज की सुध नहीं ली। इलाज में लापरवाही से आहत परिजनों ने इस संबंध में जिलाधिकारी के व्हाट्सएप नंबर पर लिखित शिकायत भी भेजी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अस्पताल प्रशासन से भी जानकारी ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के पति शिवानंद तिवारी और अन्य परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए दोषी चिकित्सकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही।
