Chandauli News: पूर्व विधायक की चेतावनी के बाद जागा बिजली विभाग, अमड़ा पावर हाउस पहुंची अफसरों की टीम.
“बिजली संकट और आंदोलन की चेतावनी के बाद अमड़ा पावर हाउस पर अफसरों की टीम पहुंची। निरीक्षण में ट्रिपिंग की वजह सामने आई, जबकि 132 केवी उपकेंद्र की दिशा में भी विभाग ने बड़ा कदम बढ़ाया।”
chandauli
8:02 PM, Jul 21, 2026
Share:


अमड़ा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण करते विद्युत विभाग के अधिकारी व पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू'।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धीना क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या को लेकर पूर्व विधायक एवं सपा नेता मनोज सिंह 'डब्लू' की चेतावनी के बाद मंगलवार को विद्युत विभाग हरकत में आ गया। मुख्य अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता सहित अधिकारियों की टीम अमड़ा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पहुंची और विद्युत व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उपकेंद्र पर मौजूद तकनीकी खामियों की समीक्षा करने के साथ क्षेत्र में प्रस्तावित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि का चिन्हांकन भी किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि उपकेंद्र पर लगे एक कैपेसिटर की क्षमता पर्याप्त नहीं होने के कारण क्षेत्र में लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक अतिरिक्त कैपेसिटर लगाया जाएगा। इसी दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' भी उपकेंद्र पहुंचे और अधिकारियों से क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था पर चर्चा करते हुए तत्काल सुधार की मांग की। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर अतिरिक्त कैपेसिटर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा लगभग 25 दिनों में इसे पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी।
विज्ञापन
अधिकारियों ने यह भी बताया कि अमड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए भूमि चिन्हांकन का कार्य शुरू हो चुका है, जिससे भविष्य में क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ एवं निर्बाध होगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार, अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह, अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, भरत भूषण, शिवकुमार, एसडीओ जय सिंह, एई (मीटर) सियाराम, जेई जवाहर सिंह, चीफ टेक्निकल मनोज सोनकर, टेक्नीशियन कमलेश कुमार सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
