Chandauli News: सोता रहा आबकारी विभाग, एक मकान में मिला अवैध शराब का जखीरा, 1070 लीटर शराब के साथ 14 गिरफ्तार.
“चंदौली कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कैली रोड स्थित एक मकान से 1070 लीटर शराब बरामद की है। मौके से 10 पुरुष, दो महिलाओं और दो किशोरों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक शराब को बाइक और लोकल ट्रेन के जरिए बिहार भेजा जाता था। मामले में तीन अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।”
chandauli
11:02 PM, Nov 25, 2026
Share:


सदर पुलिस द्वारा कैली रोड स्थित मकान से बरामद अवैध शराब और गिरफ्तार आरोपी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। जनपद में अवैध शराब के भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 10 पुरुषों, दो महिलाओं और दो किशोरों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में 25 नवंबर की सुबह कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। सीओ सदर नामेंद्र कुमार के अनुसार, सुबह करीब पांच से छह बजे के बीच सकलडीहा ओवरब्रिज के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस ने पांच से छह संदिग्ध लोगों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को कैली रोड स्थित एक मकान में अवैध शराब का भंडारण किए जाने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल मकान पर छापेमारी की, जहां से 1070 लीटर शराब बरामद हुई और मौके पर मौजूद 14 लोगों को हिरासत में लिया गया।
सीओ सदर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में जानकारी मिली है कि मकान में शराब इकट्ठा कर रखी जाती थी और वहां से मोटरसाइकिल तथा लोकल ट्रेन के जरिए बिहार में तस्करी की जाती थी। पूछताछ के दौरान अनिल गुप्ता, सुनील गुप्ता और संतोष गुप्ता के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक इन तीनों की इस गतिविधि में मुख्य भूमिका बताई जा रही है। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में बलवन गुप्ता निवासी मठइहा थाना धानापुर, पंकज कुमार निवासी औरंगाबाद बिहार, मनोज कुमार निवासी कांटा थाना सैयदराजा, सचिन कुमार निवासी रफीगंज औरंगाबाद, अब्दुल अंसारी निवासी सिवान बिहार, बाबूलाल कुमार निवासी औरंगाबाद, मनोज सिंह निवासी पटना, उदय कुमार निवासी सहरसा, सुबोध और कैलाश मंडल निवासी बख्तियारपुर पटना शामिल हैं। वहीं, हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान सैरो देवी निवासी पटना और शारदा देवी निवासी पटना सिटी के रूप में हुई है। इसके अलावा दो किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
मौके से 1070 लीटर अवैध शराब के साथ यूपी 67 डब्ल्यू 1979 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मार्कण्डेय सिंह, हरेंद्र यादव तथा पुलिसकर्मी तनिष्क साहू, प्रियेश यादव, आदर्श शर्मा, महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह और उर्वशी सिंह शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


