Chandauli News: पेट्रोल पंप पर पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप.
"इलिया थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मालदह स्थित पेट्रोल पंप पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची थी। दोनों पक्षों की शिकायत पर विधिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
9:52 PM, Feb 15, 2026
Share:


सफेद टी-शर्ट पहने व्यक्ति को तीन लोग घर कर पीटते हुए
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया, (चंदौली).
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के मालदह स्थित एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को पारिवारिक विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर देकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पांच लोगों का चालान किया है, जबकि तीन व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, सांवलसोत गांव निवासी राकेश यादव ने एक पक्ष से तहरीर दी, वहीं दूसरे पक्ष की ओर से पेट्रोल पंप के सेल्समैन विशाल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि पेट्रोल पंप मालिक और उनके परिवार से जुड़े लोगों के बीच पहले से पारिवारिक विवाद चल रहा था। शनिवार को किसी बात को लेकर यह विवाद फिर भड़क उठा और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले तीखी बहस हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। मारपीट की सूचना मिलते ही इलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। पुलिस ने दोनों ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच के बाद शांति भंग की आशंका में पांच लोगों का चालान किया गया। साथ ही तीन लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।
