Chandauli News: लिंक विंध्य एक्सप्रेस-वे के विरोध में किसानों की पदयात्रा, बोले- जान देंगे लेकिन जमीन नहीं देंगे.
"अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि चंदौली में मुख्य विंध्य एक्सप्रेस-वे नहीं, बल्कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और विंध्य एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए सर्किल रेट में संशोधन किया गया है और प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।"
chandauli
8:32 PM, Jul 2, 2026
Share:


पदयात्रा के दौरान हाथों में स्लोगन लिखे तख्ती पोस्टर के साथ प्रदर्शन करते प्रभावित किसान
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। प्रस्तावित लिंक विंध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में जिले के दर्जनों गांवों के किसानों ने पदयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। ओयरचक, अदसड़, ककरैत, बकौड़ी, बसंतपुर, अरंगी, हरिहरपुर, तेल्हारा, दरौली, लक्ष्मणपुर, चिरईगांव और रामपुर समेत कई गांवों के किसान हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने "लिंक विंध्य एक्सप्रेस-वे वापस लो", "जान देंगे लेकिन जमीन नहीं देंगे" और "किसान एकता जिंदाबाद" जैसे नारे लगाए।
किसान अशोक सिंह, जय शंकर सिंह, अशोक यादव, महेश्वर सिंह, निखिल सिंह, सौरभ सिंह और संतोष सिंह का कहना है कि उनकी कृषि भूमि ही परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। इसी जमीन से परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा और खेती-किसानी चलती है। उनका आरोप है कि उपजाऊ भूमि के अधिग्रहण से हजारों किसान भूमिहीन हो जाएंगे। किसानों ने यह भी आशंका जताई कि प्रस्तावित लिंक एक्सप्रेस-वे बनने से कर्मनाशा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है।
विज्ञापन
उन्होंने मांग की कि नई सड़क बनाने के बजाय सैयदराजा-जमानिया मार्ग को ही सिक्स लेन के रूप में विकसित किया जाए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। उनका कहना था कि यह जमीन उनके लिए केवल संपत्ति नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
वहीं, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि चंदौली में मुख्य विंध्य एक्सप्रेस-वे नहीं, बल्कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और विंध्य एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाला लिंक एक्सप्रेस-वे प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि परियोजना से सदर और मुगलसराय तहसील के कुछ गांव प्रभावित होंगे। किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए सर्किल रेट में संशोधन किया गया है और प्रशासन उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
