Chandauli News: किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को घेरा.
"पीडीडीयू नगर तहसील अंतर्गत पांडेयपुर, बुधवार, पचोखर, चदाईत, हसनपुर, बौरी सहित कई गाँव के सैकड़ों किसान एकत्र होकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जवाब माँगने पहुंचे। किसानों का कहना है कि यदि समय पर नदियों की सफाई होती और जल निकासी के उचित इंतज़ाम किए जाते, तो आज उनकी मेहनत और पूँजी इस तरह बर्बाद न होती"
chandauli
10:14 AM, Sep 5, 2025
Share:


सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात करते बीजेपी नेता राणा सिंह
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अजीत जायसवाल, बबुरी.
चंदौली। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। गढ़ई और चंद्रप्रभा नदियाँ उफान पर आकर विकराल रूप धारण कर गई हैं। इन नदियों की समय पर सफाई न होने के कारण जल निकासी बाधित हो गई है, जिससे हजारों एकड़ फसलें जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इससे किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पीडीडीयू नगर तहसील अंतर्गत पांडेयपुर, बुधवार, पचोखर, चदाईत, हसनपुर, बौरी सहित कई गाँव के सैकड़ों किसान एकत्र होकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों से जवाब माँगने पहुंचे। किसानों का कहना है कि यदि समय पर नदियों की सफाई होती और जल निकासी के उचित इंतज़ाम किए जाते, तो आज उनकी मेहनत और पूँजी इस तरह बर्बाद न होती।
विज्ञापन
किसानों ने खासतौर पर गोधन मोड़ से लेवा तक बन रही सड़क चौड़ीकरण परियोजना पर सवाल उठाए। बताया गया कि इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 1.7 किलोमीटर लंबे पुराने गढ़ई नाले को PWD विभाग द्वारा मिट्टी से पाट दिया गया है। इससे बारिश का पानी खेतों में भर गया और जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं बची। मौके पर मौजूद पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने भी किसानों की पीड़ा को जायज़ ठहराते हुए PWD पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह विभाग की घोर लापरवाही है, जिससे किसानों की आजीविका पर संकट आ गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तुरंत प्रभाव से जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए और जिन किसानों की फसलें नष्ट हुई हैं, उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



