Chandauli News: सब्जी मंडी में वाहन हटाने के विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज.
"बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।"
chandauli
6:40 PM, Jul 6, 2026
Share:


हमले में घायल पिता पुत्र
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: मनोज यादव, बलुआ, चंदौली.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां सब्जी मंडी में वाहन हटाने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार को कुछ लोगों ने मंडी में घुसकर आढ़त का काम करने वाले पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों और घूंसों से हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुरतापुर निवासी 70 वर्षीय संग्राम प्रसाद मौर्य और उनके 45 वर्षीय पुत्र सुभाष मौर्य चहनियां सब्जी मंडी में आढ़त का कार्य करते हैं। बताया गया कि शनिवार को गुरेरा निवासी अजय सोनकर ने अपना टेम्पो उनकी दुकान के सामने खड़ा कर दिया था। वाहन हटाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि जाते समय अजय सोनकर ने देख लेने की धमकी दी थी।
विज्ञापन
रविवार को आरोपित चार-पांच लोगों के साथ मंडी पहुंचा और पिता-पुत्र पर लाठी-डंडों व घूंसों से हमला कर दिया। घटना से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। देर शाम बलुआ थाने में एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है।
