Chandauli News: यूट्यूबर पर महिला चिकित्सक ने लगाया अभद्रता का आरोप, चकिया कोतवाली में दी तहरीर.
"चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि चिकित्सक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।"
chandauli
10:18 AM, Jun 16, 2026
Share:


महिला चिकित्सक द्वारा दी गई तहरीर आरोपी यूट्यूबर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया (चंदौली).
चंदौली। जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में तैनात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सविता अग्रवाल ने एक युवक के खिलाफ कोतवाली चकिया में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चिकित्सक का आरोप है कि युवक ने बिना अनुमति उनके ओपीडी कक्ष में प्रवेश कर वीडियो रिकॉर्डिंग की और बाद में उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया।
तहरीर के अनुसार बीते 4 जून को कथित यूट्यूबर अस्पताल स्थित ओपीडी कक्ष में पहुंचा और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगा। चिकित्सक ने कई बार उसे ऐसा करने से रोका, लेकिन आरोप है कि वह वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहा और अभद्र व्यवहार भी किया। उस समय सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति के कारण चिकित्सक को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा।डॉ. सविता अग्रवाल का आरोप है कि बाद में उक्त वीडियो को फेसबुक, यूट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया। वीडियो के प्रसार के बाद सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और धमकी भरी टिप्पणियां आने लगीं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं न केवल चिकित्सकों के मनोबल को प्रभावित करती हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गरिमा पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं। महिला चिकित्सक ने अपनी शिकायत में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और इस घटना के बाद वह मानसिक तनाव एवं असुरक्षा की स्थिति से गुजर रही हैं।
विज्ञापन
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि चिकित्सक की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने अथवा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
