Chandauli News: टीन शेड मकान में लगी आग, नकदी गहने समेत पूरा सामान जलकर राख.
"ग्राम प्रधान अनिल यादव ने घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी है, ताकि पीड़ित परिवार को राहत सहायता दिलाई जा सके।"
chandauli
8:39 PM, Mar 5, 2026
Share:


सरोली गांव में पिंटू के घर लगी आग को बुझाता ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सरौली गांव में बुधवार दोपहर एक टीनशेड मकान में अचानक आग लग जाने से पूरा घर और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय घर की महिला अंदर मौजूद थी, जबकि पति गांव में होली मनाने गए थे। आग लगते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था।
जानकारी के अनुसार सरौली गांव निवासी ममता देवी, पत्नी पिंटू यादव, घर पर रहकर खेती-किसानी करती हैं। उनके पति पंजाब में तबेले पर काम करते हैं और दो दिन पहले ही गांव आए थे। बुधवार को होली के मौके पर पिंटू यादव गांव में बाहर चले गए थे, जबकि ममता देवी घर पर महिलाओं के साथ त्योहार मना रही थीं। इसी दौरान अज्ञात कारणों से टीनशेड के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर उसकी चपेट में आ गया।आग की चपेट में आकर घर में रखा गहना, करीब 30 हजार रुपये नकद, अनाज, कपड़े, बच्चों के कपड़े, फ्रिज, पंखा और टीवी समेत पूरा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार के पास केवल वही कपड़े बचे जो उस समय उनके शरीर पर थे। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।
विज्ञापन
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्राम प्रधान अनिल यादव ने घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी है, ताकि पीड़ित परिवार को राहत सहायता दिलाई जा सके।
