Chandauli News: स्नातक व स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षा में पांच नकलची पकड़े गए.
"महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि परीक्षाओं को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है और आगे भी सख्ती जारी रहेगी।"
chandauli
10:05 PM, Jan 19, 2026
Share:


सकलडीहा पीजी कॉलेज
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा. (चंदौली).
चंदौली। सकलडीहा पीजी कॉलेज में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से संबद्ध स्नातक और स्नातकोत्तर सेमेस्टर परीक्षाएं इन दिनों चल रही हैं। सोमवार को परीक्षा के दौरान कॉलेज प्रशासन की सख्ती के बीच अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पांच परीक्षार्थियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। सभी के खिलाफ नियमानुसार रिस्टिकेट की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षार्थियों को पहचान और जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही महाविद्यालय के सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा केंद्राध्यक्ष के निर्देश पर आंतरिक उड़ाका दल भी समय-समय पर कक्षों का निरीक्षण कर रहा है। इसी दौरान पांच छात्र अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े गए, जिनके विरुद्ध विश्वविद्यालय की परीक्षा नियमावली के तहत कार्रवाई की गई।
इस संबंध में प्राचार्य एवं केंद्राध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि परीक्षाएं विश्वविद्यालय की नियमावली और उत्तर प्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई परीक्षार्थी नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना विश्वविद्यालय और शासन को भेजी जाएगी।
विज्ञापन



