Chandauli News:सावन के पहले सोमवार को कालेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से श्रद्धालु परेशान.
“सावन के पहले सोमवार पर चतुर्भुजपुर के स्वयंभू कालेश्वर महादेव मंदिर और सकलडीहा के महेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए, जबकि भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ी।”
chandauli
6:30 PM, Aug 3, 2026
Share:


कालेश्वर धाम में जलाभिषेक करते श्रद्धालु
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा, चंदौली.
चंदौली। सावन माह के पहले सोमवार को चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू कालेश्वर महादेव मंदिर, सकलडीहा के महेश्वरनाथ मंदिर, जामडीह के जामेश्वर महादेव तथा मांटी गांव के भांडेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, जल, दूध, दही, कनेर के फूल और अन्य पूजन सामग्री के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह तड़के से ही मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं और कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सावन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। डीएम और एसपी के निर्देश पर कालेश्वर महादेव मंदिर में चार बैरियर लगाए गए तथा मंदिर परिसर से मुख्य द्वार तक आठ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई। तीन इंस्पेक्टर, 18 उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और कोतवाल भूपेंद्र निषाद पूरे समय सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। मंदिर प्रशासन के अधिकारी पीयूष तिवारी, पुजारी राजेश पांडेय और पुरोहित रामनिवास पाठक भी श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा-अर्चना की व्यवस्था में जुटे रहे।
विज्ञापन
सावन के पहले सोमवार पर भोजापुर रेलवे क्रॉसिंग पर दिनभर ट्रेनों के आवागमन के कारण लंबा जाम लगा रहा। रेलवे फाटक बार-बार बंद होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम हटाने के लिए पुलिसकर्मियों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन रेल यातायात अधिक होने के कारण स्थिति सामान्य होने में समय लगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा पूरे सावन माह में सभी प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
