Chandauli News: अमड़ा पावर हाउस घेराव से पहले पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू हाउस अरेस्ट.
“अमड़ा पावर हाउस घेराव से पहले पुलिस ने पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' को उनके आवास पर ही रोक दिया। हाउस अरेस्ट के बाद उन्होंने बिजली संकट, किसानों की समस्याओं और पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला।”
chandauli
10:10 AM, Jul 21, 2026
Share:


पूर्व विधायक के आवास पर हाउस अरेस्ट का निर्देश देती पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। बिजली कटौती, लगातार ट्रिपिंग और किसानों की समस्याओं को लेकर प्रस्तावित अमड़ा पावर हाउस घेराव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' को रविवार को उनके सैयदराजा स्थित आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली।
हाउस अरेस्ट के बाद मनोज सिंह 'डब्लू' ने आरोप लगाया कि समाजवादी सरकार के समय किसानों के लिए बनाए गए स्वतंत्र फीडरों से अब दूसरे गांव जोड़ दिए गए हैं, जिससे सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि धान की रोपाई के समय पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से किसान सबसे अधिक परेशान हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नौ वर्षों में क्षेत्र में नया पावर हाउस या स्वतंत्र फीडर विकसित नहीं किया गया।
विज्ञापन
पूर्व विधायक ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने से उन्हें रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की लड़ाई जारी रहेगी और जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर प्रशासन लिखित आश्वासन नहीं देता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। फिलहाल प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।
