Chandauli News: पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा, युवा देश का भविष्य, उनसे किया वादा निभाना जरूरी.
"पूर्व विधायक ने घोषणा की कि अगले वर्ष आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में 25 बालक-बालिकाओं को साइकिल, पांच-पांच युवक-युवतियों को मोटरसाइकिल तथा प्रथम स्थान पाने वाले बालक एवं बालिकाओं को चार पहिया वाहन दिया जाएगा।"
chandauli
1:24 PM, Jan 20, 2026
Share:


दौड़ प्रतियोगिता में विजय खिलाड़ियों को उपहार देते पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य से जुड़े वादों को कभी नहीं भूलना चाहिए। धानापुर में पूर्व में प्रस्तावित दौड़ प्रतियोगिता मौसम की प्रतिकूलता के कारण टल गई थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
धानापुर खेल मैदान पर जुटे युवाओं के जोश और उत्साह ने साफ कर दिया कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए केवल अवसर की आवश्यकता है, लेकिन दुर्भाग्यवश मौजूदा सरकार ऐसे अवसर उपलब्ध कराने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को जनता ने वोट देकर सत्ता सौंपी, वे युवाओं को देश सेवा का अवसर दिलाने में नाकाम रहे।
धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि युवाओं के अधिकार और भविष्य की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता में लौटने के बाद युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती की प्रक्रिया को शुरू कराया जाएगा, ताकि देश सेवा का सपना पूरा हो सके। साथ ही बेहतर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
विज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान बालक और बालिका वर्ग में छह-छह राउंड की दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में चनहटा के बाबूलाल को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मोटरसाइकिल, जबकि बालिका वर्ग में जमुनीपुर की मनीषा राय को स्कूटी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा छह बालक और छह बालिकाओं को साइकिल, वहीं द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड, मेडल और नकद पुरस्कार दिए गए।
पूर्व विधायक ने घोषणा की कि अगले वर्ष आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में 25 बालक-बालिकाओं को साइकिल, पांच-पांच युवक-युवतियों को मोटरसाइकिल तथा प्रथम स्थान पाने वाले बालक एवं बालिकाओं को चार पहिया वाहन दिया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे, जबकि संचालन आतिफ खान ने किया।
