Chandauli News: धान की रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, की चपेट में आकर महिला समेत चार घायल.
“चकिया तहसील क्षेत्र के रामशाला और खोजापुर गांव में मंगलवार दोपहर धान की रोपाई के दौरान तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया है।”
chandauli
7:34 PM, Aug 11, 2026
Share:


चकिया संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती घायल महिलाये
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील, चंदौली.
चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के रामशाला और खोजापुर गांव में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से महिला-पुरुष समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद खेतों में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया।
रामशाला गांव निवासी भृगुनाथ विश्वकर्मा (58) गांव स्थित खेत में धान की रोपाई कराने गए थे। इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली तड़की, जिसकी चपेट में आने से वह झुलस गए। वहीं, खोजापुर गांव में धान की रोपाई कर रहीं लीलावती (28), सोनी देवी (38) और छाया (29) भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में चारों का उपचार चल रहा है।
विज्ञापन
मामले की जानकारी मिलने पर चकिया एसडीएम विकास मित्तल ने राजस्व टीम को मौके पर भेजकर घटना की जानकारी लेने के निर्देश दिए। टीम ने गांव पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से जानकारी ली। घटना के बाद कुछ समय के लिए खेतों में धान की रोपाई का काम भी प्रभावित रहा।
