Chandauli News: बकरा-बकरी चोरी कर ऑटो से भागे चार युवक, लौटते समय पुलिस ने दबोचा.
“चकिया में कॉलेज के पास से बकरा-बकरी चोरी के मामले में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के बाद ऑटो से अहरौरा की ओर भागे और रात में वापस चकिया लौटते समय पकड़े गए।”
chandauli
9:00 PM, Sep 25, 2026
Share:


चकिया पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : गोविंद कुमार, चकिया, चंदौली.
चंदौली। चकिया में कॉलेज के पास से शाम के समय बकरा-बकरी चोरी कर ऑटो से भागे चार युवकों को पुलिस ने रास्ते में पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के बाद अहरौरा की ओर निकल गए थे और रात में वापस चकिया लौट रहे थे। इसी दौरान दूबेपुर गांव के गेट के सामने पुलिस ने चारों को बकरा-बकरी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला चकिया कस्बे के पुरानी चकिया निवासी महफूज आलम के बकरा-बकरी चोरी होने से जुड़ा है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 सितंबर की शाम करीब छह बजे महारानी जयन्ती कुंवरी कन्या इंटर कॉलेज के पास उनका करीब दो साल का भूरा बकरा और छह साल की काली बकरी चर रहे थे। इसी दौरान दोनों गायब हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान सूरज गुप्ता, नूर आलम शाह उर्फ सलमान खान, राहुल गुप्ता और आकाश सोनकर को 25 सितंबर की रात करीब दो बजे दूबेपुर गांव के गेट के सामने से पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से चोरी किया गया भूरा बकरा और काली बकरी भी बरामद हुई।
विज्ञापन
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चारों 24 सितंबर को लतीफशाह से ऑटो से चकिया आए थे। वहीं बकरा-बकरी चोरी करने की योजना बनाई गई। इसके बाद चकिया में किला के आगे एक कॉलेज के सामने से दोनों पशुओं को चोरी कर लिया और पकड़े जाने के डर से ऑटो लेकर अहरौरा की तरफ निकल गए। रात में वापस चकिया लौटते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज गुप्ता, नूर आलम शाह उर्फ सलमान खान, राहुल गुप्ता और आकाश सोनकर के रूप में हुई है। चारों मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के नईठी पचवां हासापुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



