Chandauli News: 12 घंटे में 16 लाख की ठगी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार.
"अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई से जिले में ठगों के बीच हड़कंप मच गया है।"
chandauli
12:52 PM, Apr 26, 2026
Share:


पहाड़ी पर घेरबंदी कर पकड़े गए बंजारा गिरोह के सभी सदस्य बरामद कैश के साथ थानाध्यक्ष चकिया अर्जुन सिंह और उनकी टीम
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: धर्मेंद्र जायसवाल, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। चकिया कोतवाली पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर लाखों रुपये की टप्पेबाजी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय ठग गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।मामले का खुलासा पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने किया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 23 अप्रैल को बरहुवां स्थित शशि ज्वैलर्स के संचालक शशि प्रकाश वर्मा से सुनियोजित तरीके से 16 लाख रुपये की ठगी की गई थी। ठगों ने पहले असली सोने का छोटा टुकड़ा देकर भरोसा जीता और फिर 100 ग्राम से अधिक सोना देने का झांसा देकर बड़ी रकम लेकर नकली धातु थमा कर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने जब सोने की जांच कराई तो ठगी का खुलासा हुआ, जिसके बाद चकिया पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित कर दिलावर पहाड़ी क्षेत्र से गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बंजारे का भेष बनाकर गांव-देहात में घूमता था और सुनारों को निशाना बनाता था। पहले असली सोना दिखाकर विश्वास जीतते थे, फिर नकली सामान देकर लाखों की ठगी कर फरार हो जाते थे। गिरोह के सभी सदस्य उड़ीसा के निवासी हैं और यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में वारदात को अंजाम देते थे।
