Chandauli News: दोस्त ने शराब की बोतल से किया हमला, सिर और गर्दन पर वार कर किया लहूलुहान.
“चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान दो दोस्तों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पुराने झगड़े में साथ नहीं देने से नाराज युवक ने अपने दोस्त के सिर और गर्दन पर शराब की बोतल से हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।”
chandauli
8:44 PM, Oct 28, 2026
Share:


घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के फुटियां गांव के मोड़ के समीप बंद पड़ी राइस मिल में मंगलवार देर रात शराब पीने के दौरान दो दोस्तों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि एक युवक ने शराब की बोतल से अपने दोस्त के सिर पर वार कर दिया। बोतल टूटने के बाद उसके टुकड़े से गर्दन पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, सुन्डेहरा गांव निवासी रामदास चौहान (18) और फुटियां गांव निवासी प्रिंस सिंह उर्फ बाला मंगलवार देर रात बंद पड़ी राइस मिल में बैठकर शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रिंस बाहर किसी निजी कंपनी में काम करता है और दो-तीन दिन पहले ही गांव आया था। इसी दौरान गांव में पहले हुए एक विवाद में रामदास के साथ नहीं देने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। घायल रामदास ने बताया कि प्रिंस का कहीं और विवाद हुआ था और उसने उस मामले में साथ देने के लिए कहा था। रामदास के मुताबिक, उसने उस विवाद में साथ नहीं दिया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और आरोप है कि प्रिंस ने शराब की बोतल से उसके सिर पर वार कर दिया। बोतल टूटने के बाद उसके टुकड़े से गर्दन पर भी हमला किया। रामदास ने बताया कि हमला करने वाला युवक अकेला था।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल रामदास को तत्काल जिला अस्पताल चंदौली पहुंचाया। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी प्रिंस सिंह उर्फ बाला को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



